मार्च में मौसम का बड़ा बदलाव: उत्तर से दक्षिण तक बारिश और तूफान की चेतावनी, 70 किमी/घंटा तक चलेगी हवाएं

IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तरह का मौसम देखने को मिलेगा. कहीं भारी बारिश होगी तो कहीं तेज आंधी और ओले गिरने की संभावना है. खासतौर पर 16 राज्यों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जहां हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

Kisan India
नई दिल्ली | Published: 18 Mar, 2026 | 07:34 AM

Today Weather: देशभर में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली है. पिछले कुछ दिनों से जहां कई इलाकों में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगी थी, वहीं अब तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में कई राज्यों के लिए बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. यह बदलाव न सिर्फ लोगों को गर्मी से राहत देगा, बल्कि कई जगहों पर सतर्क रहने की भी जरूरत पैदा करेगा.

IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तरह का मौसम देखने को मिलेगा. कहीं भारी बारिश होगी तो कहीं तेज आंधी और ओले गिरने की संभावना है. खासतौर पर 16 राज्यों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जहां हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

उत्तर-पूर्व भारत: 24 घंटे तक भारी बारिश का असर

उत्तर-पूर्व भारत में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय बना हुआ है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अगले 24 घंटों तक कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. हालांकि इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने के संकेत हैं. बीते 24 घंटों में भी अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में तेज बारिश दर्ज की गई है, जिससे कई इलाकों में ठंडक बढ़ गई है.

पश्चिमी हिमालय: बर्फबारी और बारिश जारी

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में मौसम पूरी तरह बदल चुका है. यहां 20 मार्च तक बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने का अनुमान है.

हिमाचल प्रदेश में 19 और 20 मार्च को कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है. वहीं उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है. आने वाले 24 से 48 घंटों में उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है.

उत्तर भारत: आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का खतरा

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 19 से 21 मार्च के बीच मौसम काफी बदलने वाला है. इन राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और ओले गिरने की संभावना जताई गई है.

हरियाणा और पंजाब में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है.

उत्तर प्रदेश में 20 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी गति 50 से 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पूर्वी यूपी में 20 और 21 मार्च को भी बारिश के आसार हैं.

दिल्ली-एनसीआर: गर्मी से राहत, हवा भी होगी साफ

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम सुहावना बना हुआ है. 18 से 20 मार्च के बीच बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है. तापमान में गिरावट के चलते अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17 डिग्री के आसपास रहेगा.

मौसम में बदलाव का असर हवा की गुणवत्ता पर भी पड़ेगा. AQI में सुधार देखने को मिलेगा दिल्ली में 145 से गिरकर करीब 100 तक पहुंच सकता है. नोएडा, गाजियाबाद और लोनी में भी प्रदूषण का स्तर कम होने की उम्मीद है.

पूर्वी और मध्य भारत: 21 मार्च तक बारिश और ओले

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी मौसम सक्रिय रहेगा. यहां 21 मार्च तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है.

छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर समेत कई जिलों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा.

बिहार में भी 21 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा. यहां तेज हवाएं (30-50 किमी प्रति घंटा) और गरज-चमक की संभावना है. पिछले 24 घंटों में राज्य का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया.

पश्चिम भारत: गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में हल्की बारिश

पश्चिमी भारत के राज्यों गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में भी मौसम बदलने वाला है. यहां 18 और 19 मार्च को हल्की बारिश के साथ बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 17 से 19 मार्च तक हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी.

दक्षिण भारत: चक्रवाती असर से बारिश

दक्षिण भारत में चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में इस सप्ताह बारिश का अनुमान है.

तमिलनाडु के तटीय इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है और लोगों को समुद्री क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

ज्ञान का सम्मान क्विज

किस फसल को सफेद सोना कहा जाता है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
गेहूं को फसलों का राजा कहा जाता है.
विजेताओं के नाम
नसीम अंसारी, देवघर, झारखंड.
रमेश साहू, रायपुर, छत्तीसगढ़

लेटेस्ट न्यूज़