Animal Care: जर्सी गाय से ज्यादा दूध चाहिए तो सिर्फ भूसा नहीं, ये पौष्टिक आहार जरूर दें

जर्सी गाय से ज्यादा दूध पाने के लिए संतुलित आहार देना बेहद जरूरी है. सिर्फ भूसा और चारा काफी नहीं होता. प्रोटीन, दाना, हरा चारा और मिनरल का सही संतुलन दूध की मात्रा बढ़ाता है. सही फीड मैनेजमेंट से गाय स्वस्थ रहती है और पशुपालक की कमाई भी बढ़ती है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 20 Feb, 2026 | 06:00 AM

Jersey Cow: गाय पालन आज सिर्फ परंपरा नहीं, कमाई का मजबूत जरिया बन चुका है. खासकर जर्सी नस्ल की गायें, जो कम समय में ज्यादा दूध देने के लिए जानी जाती हैं. लेकिन कई पशुपालक एक बड़ी गलती कर देते हैं- वे सोचते हैं कि सिर्फ भूसा और चारा ही काफी है. असल सच्चाई यह है कि अगर आहार संतुलित न हो, तो जर्सी गाय पूरी क्षमता से दूध नहीं दे पाती. सही खानपान से ही दूध की मात्रा और क्वालिटी दोनों बढ़ती हैं.

प्रोटीन और दाने का सही संतुलन जरूरी

जर्सी गाय की सेहत पूरी तरह उसके खाने पर निर्भर करती है. अगर प्रोटीन की कमी  हो जाए तो दूध कम हो जाता है और गाय कमजोर दिखने लगती है. इसलिए दाने में प्रोटीन का सही संतुलन होना जरूरी है. सरसों की खल्ली, सोयाबीन की खल्ली, सूरजमुखी की खल्ली और दूसरी प्रोटीन वाली खल्ली  बहुत फायदेमंद होती हैं. इसके साथ मक्का, बाजरा और गेहूं के टूटे दाने मिलाकर देना अच्छा रहता है. यह मिश्रण गाय को ताकत देता है और दूध बढ़ाने में मदद करता है. ध्यान रहे, ज्यादा दाना देना भी नुकसान कर सकता है. इससे गाय मोटी हो सकती है और पाचन खराब हो सकता है.

हरा चारा, भूसा और मिनरल भी उतने ही जरूरी

दाना ही सब कुछ नहीं है. जर्सी गाय को रोजाना अच्छा हरा चारा और साफ भूसा देना भी जरूरी है. बरसीम, नेपियर घास, हरा मक्का और ज्वार जैसे चारे दूध की मात्रा और गुणवत्ता दोनों सुधारते हैं. चारे के कुल वजन का करीब 2 प्रतिशत मिनरल मिक्सचर और 1 प्रतिशत नमक जरूर मिलाना चाहिए. इससे कैल्शियम और फॉस्फोरस की कमी नहीं होती. हड्डियां मजबूत  रहती हैं और दूध देने की ताकत बनी रहती है. अगर गाय दूध नहीं दे रही है तो उसे कम मात्रा में दाना, थोड़ा भूसा और हरा चारा देना पर्याप्त होता है. लेकिन अगर गाय दूध दे रही है तो हर 1 लीटर दूध पर लगभग 400 ग्राम दाना देना चाहिए. इसके साथ 4-6 किलो भूसा और 25-30 किलो हरा चारा जरूरी है.

सर्दियों में रखें खास ध्यान

सर्दियों के मौसम में गाय  की देखभाल और भी जरूरी हो जाती है. ठंड में गाय का शरीर ज्यादा ऊर्जा खर्च करता है, इसलिए उसे पौष्टिक आहार देना जरूरी है. बासी या खराब खाना कभी न दें. इससे पाचन तंत्र खराब हो सकता है और दूध कम हो सकता है. ताजा और साफ आहार ही दें. गाय को तैलीय या मसालेदार चीजें बिल्कुल न खिलाएं. इससे पेट खराब हो सकता है और भूख कम लगती है. दाना हमेशा दिन में दो बार, तय समय पर दें. नियमित समय से खिलाने पर गाय की आदत बनी रहती है और पाचन सही रहता है.

सही फीड मैनेजमेंट से होगा असली फायदा

जर्सी गाय पालन में सफलता का राज है- संतुलित आहार, समय पर देखभाल और साफ-सफाई. अगर पशुपालक सही मात्रा और सही गुणवत्ता का खाना दें, तो दूध की धार खुद-ब-खुद बढ़ने लगती है. याद रखिए, गाय जितनी स्वस्थ होगी, उतना ज्यादा दूध देगी. सही खानपान से जर्सी गाय सच में बाल्टी भर-भर के दूध दे सकती है और आपकी कमाई भी बढ़ा सकती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 20 Feb, 2026 | 06:00 AM

आम में सबसे ज्यादा पाया जाने वाला विटामिन कौन सा है?