Eid al Adha News: बांग्लादेश में बकरीद से पहले एक अनोखा भैंसा लोगों के बीच चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गया है. करीब 597 किलोग्राम वजन वाला यह सफेद भैंसा अपने सुनहरे बालों और अलग हेयरस्टाइल की वजह से उसे ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम दिया गया है. भैंसे की हेयरस्टाइल अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलती है. लोग सोशल मीडिया पर इसे ‘डोनाल्ड ट्रंप’ के नाम से संबोधित कर रहे हैं और खूब शेयर कर रहे हैं.
सुनहरे बालों ने बनाया ‘डोनाल्ड ट्रंप’
इस भैंसे की सबसे खास बात इसके सिर पर मौजूद हल्के सुनहरे और घुंघराले बाल हैं. लोगों का कहना है कि इसका हेयरस्टाइल काफी हद तक डोनाल्ड ट्रंप जैसा दिखाई देता है. इसी वजह से सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे मजाकिया अंदाज में डोनाल्ड ट्रंप नाम दे दिया. भैंसा एल्बिनो नस्ल का बताया जा रहा है, जिसकी सफेद चमड़ी और अलग रंग के बाल इसे बाकी जानवरों से अलग बनाते हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग इसके साथ फोटो और सेल्फी लेते दिखाई दे रहे हैं. कई लोग तो सिर्फ इस भैंसे को देखने के लिए फार्म तक पहुंच रहे हैं.

सुनहरे बालों वाला विशाल भैंसा सोशल मीडिया पर छाया हुआ.
3.30 लाख टका में खरीदा गया विशाल भैंसा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस भैंसे का वजन करीब 597 किलो है. इसे बकरीद की कुर्बानी के लिए खरीदा गया था. भैंसे की कीमत लगभग 3 लाख 30 हजार बांग्लादेशी टका (करीब 2.56 लाख भारतीय रुपये) बताई जा रही है. मालिक का कहना है कि उन्होंने इसे अपने बेटे की जिद पर खरीदा था. शुरुआत में उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह जानवर इतना मशहूर हो जाएगा. अब हालात ऐसे हैं कि लोग लगातार उनके फार्म पर पहुंच रहे हैं और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं. भैंसे की बढ़ती लोकप्रियता के बाद इलाके में इसकी काफी चर्चा हो रही है. कई लोग इसे “सोशल मीडिया स्टार” तक कहने लगे हैं.

ट्रंप भैंसा बकरीद से पहले वायरल हुआ.
मालिक बोला- फेमस होने से पूरा परिवार खुश
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भैंसे के मालिक ने कहा कि उन्होंने इसे सिर्फ कुर्बानी के मकसद से खरीदा था, लेकिन अब इसकी लोकप्रियता देखकर पूरा परिवार बेहद खुश है. उनका कहना है कि लोगों का प्यार और उत्साह देखकर उन्हें अच्छा लग रहा है. हालांकि मालिक ने साफ किया कि इतनी प्रसिद्धि मिलने के बावजूद बकरीद पर इसकी कुर्बानी तय योजना के मुताबिक ही दी जाएगी. यही वजह है कि लोग इसे देखने के लिए और ज्यादा उत्सुक हो गए हैं.