IRCTC की नई वेबसाइट 15 जुलाई तक होगी तैयार, जब इतने प्लेटफॉर्म हैं तो जरूरत क्यों पड़ी?

ट्रेन टिकट बुकिंग के दौरान आने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए रेलवे नई IRCTC वेबसाइट लाने की तैयारी कर रहा है. छात्रों की शिकायत के बाद रेल मंत्री ने अधिकारियों को 15 जुलाई तक नया प्लेटफॉर्म तैयार करने के निर्देश दिए हैं. इससे यात्रियों को तेज और बेहतर टिकट बुकिंग अनुभव मिलने की उम्मीद है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Updated On: 12 Jun, 2026 | 08:02 PM

IRCTC New Website: देश में ट्रेन टिकट बुक करने के लिए यात्रियों के पास पहले से कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म मौजूद हैं. सरकारी IRCTC वेबसाइट और RailOne ऐप के अलावा Ixigo और Paytm जैसे अधिकृत प्लेटफॉर्म भी टिकट बुकिंग की सुविधा देते हैं. ऐसे में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा 15 जुलाई 2026 तक नई IRCTC वेबसाइट लॉन्च करने की घोषणा के बाद लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि जब इतने विकल्प पहले से उपलब्ध हैं, तो फिर नई वेबसाइट की जरूरत क्यों पड़ी?

दरअसल, सरकार कोई नया टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म नहीं ला रही है, बल्कि मौजूदा IRCTC सिस्टम को अपग्रेड करने की तैयारी कर रही है. इसकी वजह टिकट बुकिंग के दौरान सामने आने वाली तकनीकी समस्याएं हैं, जिनकी शिकायत हाल ही में छात्रों ने रेल मंत्री से की थी.

छात्रों की शिकायत के बाद हरकत में आया रेलवे

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जयपुर दौरे के दौरान कुछ छात्रों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव  (Ashwini Vaishnaw) को IRCTC वेबसाइट पर आने वाली समस्याओं के बारे में बताया. छात्रों ने कहा कि टिकट बुकिंग के समय कैप्चा भरने में काफी समय लगता है और कई बार वेबसाइट ठीक से काम नहीं करती. शिकायत सुनने के बाद रेल मंत्री ने तुरंत अधिकारियों से बात की और 15 जुलाई तक नई और बेहतर वेबसाइट तैयार करने के निर्देश दिए.

कई ऐप होने के बावजूद क्यों जरूरी है नई वेबसाइट?

हालांकि ट्रेन टिकट बुकिंग  के लिए कई निजी और अधिकृत प्लेटफॉर्म मौजूद हैं, लेकिन इन सभी का आधार IRCTC का टिकटिंग सिस्टम ही है. दूसरे शब्दों में कहें तो चाहे यात्री टिकट IRCTC से बुक करे या किसी अन्य अधिकृत ऐप से, अंतिम प्रक्रिया IRCTC के सर्वर के जरिए ही पूरी होती है. यही कारण है कि यदि मूल सिस्टम में कोई तकनीकी समस्या आती है, तो उसका असर कई प्लेटफॉर्म पर देखने को मिल सकता है. सरकार का मानना है कि समस्या प्लेटफॉर्म की संख्या नहीं, बल्कि टिकटिंग सिस्टम की क्षमता और प्रदर्शन से जुड़ी हुई है.

IRCTC पर यात्रियों को किन समस्याओं का सामना करना पड़ता है?

IRCTC देश का सबसे बड़ा ऑनलाइन रेल टिकटिंग प्लेटफॉर्म है, जहां रोजाना लाखों लोग टिकट बुक करते हैं. भारी ट्रैफिक के कारण कई बार वेबसाइट पर दबाव बढ़ जाता है. यात्रियों की सबसे बड़ी शिकायत कैप्चा सिस्टम को लेकर है. खासकर तत्काल टिकट बुकिंग  के दौरान हर सेकंड कीमती होता है, लेकिन कई बार कैप्चा लोड नहीं होता या उसे भरने में ज्यादा समय लग जाता है. इसके अलावा सर्वर क्रैश होना, सेशन टाइम आउट होना, OTP देर से आना और पैसे कटने के बावजूद टिकट बुक न होना जैसी समस्याएं भी लगातार सामने आती रही हैं.

नई वेबसाइट से क्या मिलेगा फायदा?

रिपोर्ट्स के अनुसार नई IRCTC वेबसाइट को अधिक तेज, सरल और यूजर फ्रेंडली बनाया जाएगा. वेबसाइट की परफॉर्मेंस बेहतर होगी और पीक आवर्स या तत्काल टिकट बुकिंग के समय भी सिस्टम पर दबाव कम महसूस होगा. इसके अलावा पेमेंट प्रक्रिया को अधिक भरोसेमंद बनाने, OTP डिलीवरी को तेज करने और सर्वर क्षमता बढ़ाने पर भी काम किया जाएगा. सरकार के अनुसार, IRCTC के पूरे सिस्टम को बदलने के बजाय उसके कमजोर हिस्सों को अपग्रेड किया जाएगा, जिससे कम समय में बेहतर परिणाम मिल सकेंगे. रेलवे की कोशिश है कि नई वेबसाइट  के जरिए यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिले और ऑनलाइन टिकटिंग का अनुभव पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज बन सके.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 12 Jun, 2026 | 07:56 PM

लेटेस्ट न्यूज़