PM Kisan 24th Installment Update: देश के करोड़ों किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना का लाभ उठा रहे हैं. इस योजना के तहत पात्र किसानों के खाते में हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में भेजी जाती है. अब तक किसानों को 23 किस्तों का लाभ मिल चुका है और अब सभी की नजर 24वीं किस्त पर है. हालांकि, अगली किस्त आने से पहले कुछ जरूरी औपचारिकताएं पूरी करना बेहद जरूरी है. अगर इनमें कोई कमी रह गई, तो आपके खाते में आने वाले 2,000 रुपये रुक सकते हैं.
कब आ सकती है 24वीं किस्त?
PM-Kisan योजना के तहत सरकार आमतौर पर हर चार महीने में एक किस्त जारी करती है. चूंकि 23वीं किस्त जून 2026 में किसानों के खातों में भेजी गई थी, इसलिए 24वीं किस्त अक्टूबर 2026 में जारी होने की संभावना है. हालांकि, किस्त जारी होने की अंतिम तारीख केंद्र सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही तय होगी.
इन तीन कामों के बिना नहीं मिलेगी अगली किस्त
सरकार ने साफ किया है कि केवल उन्हीं किसानों को योजना का लाभ मिलेगा, जिन्होंने सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं.
- IMD का बड़ा अलर्ट! दिल्ली, यूपी, बिहार समेत इन राज्यों में आंधी-बारिश, पहाड़ों पर बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा
- लद्दाख में रासायनिक खाद पर पूरी तरह रोक, अब सिर्फ जैविक खेती को मिलेगा बढ़ावा, नियम तोड़ने पर लगेगा जुर्माना
- पहली बार सिंगापुर पहुंचीं कश्मीर की प्रीमियम चेरी और प्लम, किसानों की कमाई 50 फीसदी तक बढ़ने की उम्मीद
e-KYC जरूर पूरा करें
योजना में फर्जी लाभार्थियों को रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए e-KYC अनिवार्य कर दी गई है. जिन किसानों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें जल्द से जल्द इसे पूरा कर लेना चाहिए. e-KYC अधूरी होने पर अगली किस्त अटक सकती है.
आधार और बैंक खाते की लिंकिंग
किसानों का आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक होना चाहिए. साथ ही बैंक खाते में DBT (Direct Benefit Transfer) सुविधा भी सक्रिय होनी चाहिए, ताकि सरकार की ओर से भेजी गई राशि सीधे खाते में पहुंच सके.
भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन
योजना का लाभ लेने के लिए भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन भी जरूरी है. जिन किसानों के दस्तावेजों का सत्यापन अभी बाकी है या रिकॉर्ड अपडेट नहीं है, उनकी किस्त रोकी जा सकती है. इसलिए समय रहते अपने भूमि संबंधी दस्तावेजों की जांच जरूर कर लें.
घर बैठे करें फेस स्कैन से करें e-KYC
सरकार ने किसानों के लिए फेस के जरिए ई-केवाईसी (e-KYC) करने की सुविधा भी शुरू की है.
- इसके लिए सबसे पहले पीएम-किसान मोबाइल ऐप और आधार फेस आरडी ऐप डाउनलोड करें.
- फिर अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन करें.
- इसके बाद ‘बेनिफिशियरी स्टेटस’ सेक्शन में जाकर ई-केवाईसी का विकल्प चुनें.
- अगर वहां ‘No’ लिखा दिखाई दे, तो मांगी गई जानकारी भरें और अपने चेहरे का स्कैन करें.
- जांच पूरी होते ही आपकी ई-केवाईसी सफल हो जाएगी.
इससे भविष्य में पीएम-किसान योजना की किस्त मिलने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी.
ऐसे देखें अपनी किस्त का स्टेटस
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके खाते में पिछली किस्त आई है या नहीं, या अगली किस्त के लिए आपका नाम सूची में है या नहीं, तो यह जानकारी आप घर बैठे ऑनलाइन देख सकते हैं.
- इसके लिए पीएम-किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
- वहां फार्मर कॉर्नर में जाकर बेनिफिशियरी स्टेटस के विकल्प पर क्लिक करें.
- इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या मांगी गई जानकारी भरें और ‘गेट डेटा’ पर क्लिक करें.
- इसके बाद आपकी सभी किस्तों की जानकारी और आवेदन की स्थिति स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी.
कोई परेशानी हो तो क्या करें?
अगर आपकी पिछली किस्त नहीं आई है या स्टेटस में कोई गड़बड़ी दिखाई दे रही है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. किसान ‘Know Your Status’ सुविधा का इस्तेमाल करके अपनी जानकारी जांच सकते हैं. इसके अलावा ‘किसान ई-मित्र’ चैटबॉट की मदद से भी पात्रता, भुगतान की स्थिति और जरूरी सुधार से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकती है.
अगर आपने अभी तक e-KYC, आधार-बैंक लिंकिंग और भूमि सत्यापन पूरा नहीं किया है, तो इसे जल्द से जल्द पूरा कर लें. इससे PM-Kisan योजना की 24वीं किस्त बिना किसी रुकावट के आपके खाते में पहुंच सकेगी.