प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan) के लाभार्थी काफी समय से 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. उन्हें उम्मीद है कि सरकार जल्द ही 22वीं किस्त जारी कर सकती है. लेकिन सरकार ने अभी इसकी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है. अनुमान है कि यह किस्त फरवरी से मार्च 2026 के बीच जारी की जा सकती है. योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये तीन बराबर किस्तों में दिए जाते हैं. 21वीं किस्त नवंबर 2025 में जारी हुई थी, इसी आधार पर अगली किस्त का समय तय माना जा रहा है.
पीएम किसान का लाभ उन्हीं किसानों को मिलता है जिनकी जमीन की जानकारी पोर्टल पर दर्ज हो, बैंक खाता आधार से लिंक हो और e-KYC पूरी हो. e-KYC अनिवार्य है, इसके बिना किस्त नहीं मिलेगी. वहीं, किसान आईडी सिर्फ नए रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी की गई है. खास बात यह है कि 14 राज्य- आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में किसान रजिस्ट्री शुरू हो चुकी है. ऐसे में इन राज्यों में नए आवेदकों को किसान आईडी देना जरूरी है. जिन राज्यों में यह प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, वहां बिना किसान आईडी भी रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है.
किसानों के लिए e-KYC कराना अनिवार्य है
पीएम किसान योजना की वेबसाइट के अनुसार, योजना में पंजीकृत सभी किसानों के लिए e-KYC कराना अनिवार्य है. बिना e-KYC के योजना का लाभ नहीं मिलेगा. किसान पीएम किसान पोर्टल पर जाकर ओटीपी आधारित e-KYC कर सकते हैं या फिर नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर बायोमेट्रिक e-KYC करा सकते हैं. पीएम किसान का लाभ पाने के लिए आधार कार्ड बेहद जरूरी दस्तावेज है, क्योंकि इसी से लाभार्थी की पहचान होती है. किसान अपनी e-KYC तीन तरीकों से पूरी कर सकते हैं. जो ओटीपी आधारित e-KYC , बायोमेट्रिक आधारित e-KYC और फेस ऑथेंटिकेशन आधारित e-KYC है.
फेस ऑथेंटिकेशन से PM किसान e-KYC कैसे करें?
- किसान पीएम किसान e-KYC अब मोबाइल से फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए कर सकते हैं.
- सबसे पहले Google Play Store से PM-KISAN मोबाइल ऐप और Aadhaar Face RD ऐप डाउनलोड करें.
- पीएम किसान में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ऐप में लॉग-इन करें.
- Beneficiary Status पेज पर जाएं.
- अगर e-KYC स्टेटस ‘No’ दिखे, तो e-KYC पर क्लिक करें.
- अपना आधार नंबर दर्ज करें और चेहरे की स्कैनिंग की अनुमति दें.
- फेस स्कैन सफल होते ही e-KYC प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.
इन किसानों को नहीं मिलेगा योजना का लाभ
वहीं, कुछ किसानों को अगली पीएम किसान किस्त नहीं मिल सकती है. सरकार ने ऐसे मामलों की पहचान की है जो योजना की पात्रता शर्तों में नहीं आते, जैसे 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन खरीदने वाले किसान या एक ही परिवार के एक से ज्यादा सदस्यों द्वारा लाभ लेना. ऐसे मामलों में भुगतान अस्थायी रूप से रोका गया है, जब तक भौतिक सत्यापन पूरा न हो जाए. किसान अपनी पात्रता की जानकारी पीएम किसान वेबसाइट या ऐप पर Know Your Status (KYS) सेक्शन या किसान e-Mitra चैटबॉट के जरिए देख सकते हैं.